छत्तीसगढ़

रायपुर को मिलेगी बड़ी सौगात: खारुन नदी पर उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग के लिए 16.37 करोड़ रुपए मंजूर

राज्य शासन ने रायपुर जिले के यातायात और कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्य जिला मार्ग उरला–पठारीडीह–बेरला मार्ग में खारुन नदी पर उच्च स्तरीय पुल एवं उसके पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए 16 करोड़ 36 लाख 54 हजार रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है।
इस परियोजना को उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद हरी झंडी मिली है। अनुमोदन के उपरांत राज्य शासन द्वारा मंत्रालय स्तर से लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता को राशि स्वीकृति का परिपत्र जारी कर दिया गया है।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने इस निर्माण कार्य को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पुल और पहुंच मार्ग के निर्माण में प्रयुक्त होने वाली सभी सामग्रियों की गुणवत्ता सर्वोच्च स्तर की होनी चाहिए। उन्होंने कहा है कि कार्य के किसी भी चरण में गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि निर्माण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है, तो जिम्मेदार अधिकारियों और एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लोक निर्माण विभाग ने प्रमुख अभियंता को यह भी निर्देशित किया है कि परियोजना की निविदा प्रक्रिया समय-सीमा के भीतर पूरी की जाए और निर्माण कार्य प्राक्कलन के अनुसार मितव्ययिता के साथ संपादित हो। विभाग ने निर्माण एजेंसी को अनुबंधित समय-सीमा में ही कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि परियोजना अनावश्यक रूप से लंबित न हो।
इसके साथ ही शासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि कार्य पूर्ण करने के लिए समय-सीमा में अनावश्यक वृद्धि नहीं की जाएगी। केवल अपरिहार्य और नियंत्रण से बाहर के मान्य कारणों की स्थिति में ही सक्षम अधिकारी द्वारा समय-सीमा बढ़ाने पर विचार किया जाएगा।
इस पुल के निर्माण से उरला, पठारीडीह और बेरला सहित आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा। वर्षा ऋतु में आवागमन की समस्या से निजात मिलेगी, यातायात सुगम होगा और क्षेत्र के आर्थिक व सामाजिक विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button