कोरबा के राज पटेल ने CGPSC 2024 में हासिल किया 22वां रैंक — विपरीत हालातों के बीच संघर्ष की मिसाल

कोरबा
कोरबा के मानस नगर निवासी राज पटेल ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) 2024 की मेरिट लिस्ट में 22वां स्थान हासिल कर जिले ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है। कठिन परिस्थितियों के बावजूद राज ने कभी हार नहीं मानी। पिता की असमय मृत्यु और आर्थिक तंगी के बीच माँ शकुंतला पटेल ने दूसरे के घरों में झाड़ू–बर्तन कर बेटे की पढ़ाई को रोके बिना आगे बढ़ाया। इसी संघर्ष की कहानी आज CGPSC की मेरिट में चमक रही है।
कोरबा के मानस नगर का रहने वाला राज पटेल मेहनत, संघर्ष और सपनों को सच करने की जीवंत मिसाल बनकर उभरा है। राज ने CGPSC 2024 की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 22वीं रैंक हासिल की है। यह सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि राज की यात्रा चुनौतियों से भरी रही।


राज के पिता संतोष पटेल, CSEB प्लांट में वेल्डर के तौर पर काम करते थे, लेकिन उनकी अचानक हुई मृत्यु ने परिवार को गहरे संकट में डाल दिया। घर की आर्थिक स्थिति बुरी तरह चरमरा गई। इस कठिन घड़ी में राज की माँ शकुंतला पटेल ने दूसरे के घरों में झाड़ू–पोछा और बर्तन साफ करने का काम किया, ताकि बेटे की पढ़ाई कभी बाधित न हो।
राज की प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर में हुई। वह अद्वैत फाउंडेशन का छात्र है, जिसने उसे सही मार्गदर्शन और सहयोग देकर आगे बढ़ने की राह दिखाई। राज ने बताया कि CGPSC में यह उसका दूसरा प्रयास था और इस बार उसने अपनी मेहनत और लगन से सफलता की कहानी लिख दी।
राज पिछले तीन वर्षों से दिल्ली में रहकर UPSC की तैयारी भी कर रहा है, जिसका परिणाम भी जल्द आने वाला है। परिवार को उम्मीद है कि राज वहां भी अपनी सफलता का परचम लहराएगा।
राज पटेल की इस उपलब्धि ने कोरबा के मानस नगर ही नहीं, पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ा दी है। लोग इसे संघर्ष, समर्पण और कठिन परिश्रम का प्रतीक बता रहे हैं।




