शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, गर्भवती होने पर आरोपी ने किया इनकार

पुलिस ने तत्काल की कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
जशपुर
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी का झांसा देकर एक युवती से कई दिनों तक दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। युवती के गर्भवती होने के बाद जब आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया, तब पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना धर्मजयगढ़ जिला रायगढ़ की रहने वाली 20 वर्षीय युवती 24 मई 2025 को अपने रिश्तेदार के घर थाना बगीचा क्षेत्र के एक गांव में शादी समारोह में शामिल होने गई थी। समारोह के दौरान उसकी मुलाकात वीरेंद्र विश्वकर्मा नामक युवक से हुई। कुछ ही दिनों में दोनों के बीच बातचीत बढ़ी, और आरोपी ने युवती को शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर लगातार सात दिनों तक उसके साथ अनाचार किया। शादी समारोह खत्म होने के बाद जब वह अपने घर लौटी, तो कुछ समय बाद उसे पता चला कि वह गर्भवती है। जब युवती ने आरोपी से शादी करने की बात कही, तो आरोपी ने शादी से साफ इंकार कर दिया और बात करना बंद कर दिया।
निराश और परेशान पीड़िता ने इसके बाद थाना धर्मजयगढ़ में शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक रूप से पुलिस ने शून्य अपराध दर्ज किया, क्योंकि घटना स्थल थाना बगीचा क्षेत्र के अंतर्गत आता था। इसलिए मामला बगीचा थाना को स्थानांतरित किया गया, जहां आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज किया गया।
थाना बगीचा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी वीरेंद्र विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।




