रबी 2025-26 बीज उत्पादन कार्यक्रम के लिए पंजीयन शुरू, किसान अब सीधे खोखसा केंद्र से ले सकेंगे बीज

लोकेशन: जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड द्वारा रबी 2025-26 के बीज उत्पादन कार्यक्रम के लिए बीज भंडारण और पंजीयन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह कार्यक्रम प्रदेश के किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है।
बीज प्रक्रिया केन्द्र खोखसा (जिला जांजगीर-चांपा) में इस सीजन के लिए गेहूँ, रागी, चना, मटर, मसूर, मूंग, उड़द, तिवड़ा, सरसों, अलसी और मूंगफली जैसी प्रमुख फसलों की उन्नत किस्मों के बीज का भंडारण किया गया है।



किसान ऐसे करा सकते हैं पंजीयन
बीज निगम के उप प्रबंधक / बीज प्रबंधक ने जानकारी दी कि इच्छुक किसान अपने संबंधित विकासखण्ड कार्यालयों के माध्यम से या सीधे बीज निगम केंद्र खोखसा पहुंचकर पंजीयन करा सकते हैं।
किसान चाहें तो नकद भुगतान कर तुरंत बीज भी प्राप्त कर सकते हैं।
पंजीयन के लिए किसानों को निम्न दस्तावेज साथ लाने होंगे –
पासपोर्ट साइज नया कलर फोटो
ऋण पुस्तिका
बी-1 एवं खसरा की नकल (पटवारी से सत्यापित)
आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक पासबुक की छायाप्रति
कृषक को स्वयं उपस्थित होकर पंजीयन कराना अनिवार्य होगा, और पंजीकरण के बाद बीज वहीं से प्राप्त किए जा सकते हैं।
पंजीयन केवल लम्बरदार कृषक के नाम पर होगा
बीज निगम की ओर से स्पष्ट किया गया है कि पंजीयन बी-1 में दर्ज लम्बरदार कृषक के नाम पर ही किया जाएगा।
यदि भूमि में हिस्सेदार हैं, तो लम्बरदार कृषक को हिस्सेदारों का सहमति पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक होगा।इस व्यवस्था का उद्देश्य है कि बीज उपार्जन के समय किसी प्रकार का विवाद या समस्या उत्पन्न न हो।
कृषकों के लिए बड़ा अवसर
यह पहल किसानों के लिए लाभकारी मानी जा रही है क्योंकि इससे उन्हें स्थानीय स्तर पर ही उच्च गुणवत्ता वाले प्रमाणित बीज सुलभ होंगे।




