सक्ती

सक्ती में पेंशनरों के लिए राहत की पहल — डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र शिविर से मिली घर बैठे सुविधा, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो की सराहनीय दिशा-निर्देश में हुआ आयोजन

सक्ती, 12 नवम्बर 2025

कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में जिले के पेंशनरों को सुविधाजनक और डिजिटल सेवा प्रदान करने के उद्देश्य से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 4.0 के तहत विशेष शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर जिला कोषालय अधिकारी श्री उपेंद्र पटेल, भारतीय स्टेट बैंक सक्ती और पोस्ट ऑफिस सक्ती के संयुक्त तत्वावधान में सियान सदन, सक्ती में संपन्न हुआ।

इस विशेष शिविर में सैकड़ों पेंशनरों ने भाग लिया और अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (Digital Life Certificate) बनवाया। पेंशनरों ने इस पहल को “सरकार की सबसे बड़ी राहत” बताते हुए खुशी और आभार व्यक्त किया।

कलेक्टर के निर्देश पर जिला कोषालय अधिकारी द्वारा छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी पेंशनर प्रकोष्ठ, जिला सक्ती के पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर इस शिविर का आयोजन किया गया, ताकि अधिक से अधिक पात्र पेंशनर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र की सुविधा का लाभ उठा सकें।

शिविर में सहायक कोषालय अधिकारी श्री प्रदीप देवांगन की उपस्थिति में पेंशनरों की भीड़ रही। वहीं, वरिष्ठ पेंशनर श्री चिंताराम जांगड़े सहित कई वयोवृद्ध पेंशनरों के घर जाकर भी टीम ने डिजिटल प्रमाण पत्र बनवाया, जिससे उन्हें शिविर तक आने की आवश्यकता नहीं पड़ी।

अभियान में पेंशनर प्रकोष्ठ जिला सक्ती के प्रमुख संरक्षक श्री रमेश तिवारी और जिला संयोजक श्री राधेलाल भारद्वाज का सराहनीय योगदान रहा। जिला प्रशासन ने बताया कि आगे भी जरूरत पड़ने पर इसी तरह के शिविरों का आयोजन किया जाएगा ताकि कोई भी पेंशनर सेवा से वंचित न रहे।

डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 4.0 का उद्देश्य पेंशनरों की जीवन प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और पूरी तरह डिजिटल बनाना है। यह नई तकनीक फेस ऑथेंटिकेशन सिस्टम पर आधारित है, जिससे पेंशनर अब अपने मोबाइल या कंप्यूटर से घर बैठे ही प्रमाण पत्र बना सकते हैं।

कलेक्टर श्री तोपनो ने जिले के सभी पेंशनरों से अपील की है कि वे इस सुविधा का अधिकतम लाभ लें। उन्होंने कहा कि—

“डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अब पेंशनरों के जीवन में सुविधा और आत्मनिर्भरता लाने वाला बड़ा कदम है। इससे अब किसी को लाइन में लगने या बार-बार बैंक या कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी।”

यह अभियान 1 नवम्बर से 30 नवम्बर 2025 तक पूरे देश में चलाया जा रहा है। इस दौरान पेंशनर अपने Android मोबाइल में Aadhaar Face ID App और Jeevan Pramaan Face App डाउनलोड कर चेहरे की पहचान के माध्यम से प्रमाण पत्र बना सकते हैं।

जिला कोषालय अधिकारी ने बताया कि यह पहल पेंशनरों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी और मुख्यमंत्री के “डिजिटल सुविधा और सरलीकरण” के विजन को आगे बढ़ाएगी। इससे सक्ती जिला डिजिटल सेवाओं की दिशा में एक नई पहचान स्थापित करेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button