
लोकेशन –सूरजपुर, छत्तीसगढ़/रिपोर्टर –सुरेन्द्र साहू
आपने अक्सर बहुओं पर ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ना के मामले देखे और सुने होंगे, लेकिन सूरजपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है जहां सास ने ही अपनी बहू से परेशान होकर इच्छा मृत्यु की मांग कर दी है। मानसिक और आर्थिक प्रताड़ना से तंग आकर बुजुर्ग महिला ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।


सूरजपुर जिले के लटोरी की रहने वाली शकुंतला पाण्डेय ने अपनी ही बहू रागिनी मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सास का कहना है कि बहू द्वारा लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है और पैसों की मांग की जाती है।
बताया जा रहा है कि 3 अक्टूबर 2021 को बहू ने दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाकर घर छोड़ दिया था, जिसके चलते परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं करीब चार साल बाद बहू के वापस लौटने के बाद फिर से विवाद शुरू हो गया है।
सास का आरोप है कि बहू अब दोबारा मानसिक और आर्थिक दबाव बना रही है, जिससे तंग आकर उन्होंने इच्छा मृत्यु की मांग कर दी है।


इधर, पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों को परिवार परामर्श केंद्र भेज दिया है, जहां समझाइश और सुलह की कोशिश की जा रही है।
अब देखना होगा कि परिवार परामर्श केंद्र की पहल इस पारिवारिक विवाद को सुलझा पाती है या नहीं, लेकिन इस पूरे मामले ने एक बार फिर घरेलू रिश्तों में बढ़ती खटास को उजागर कर दिया है।




