सड़क सुरक्षा का पाठशाला में संदेश, जांजगीर के मड़वा स्कूल में बच्चों ने रंगों से समझाई यातायात की अहमियत

रिपोर्टर-शुभांशु मिश्रा
लोकेशन-जांजगीर-चांपा

जांजगीर-चांपा जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन लगातार जनजागरूकता अभियान चला रहा है।
37वें सड़क सुरक्षा माह के तहत आज यातायात पुलिस जांजगीर द्वारा थाना क्षेत्र के ग्राम मड़वा स्थित शासकीय स्कूल में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां स्कूली बच्चों ने चित्रकला के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय आई.पी.एस. के निर्देशन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उदयन बेहार के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में यातायात निरीक्षक लालन पटेल द्वारा बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान वीडियो और चलचित्र के माध्यम से छात्र-छात्राओं को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने और सुरक्षित सड़क पार करने जैसे महत्वपूर्ण नियमों को सरल तरीके से समझाया गया।
वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े विषयों पर बेहद रचनात्मक और संदेशात्मक चित्र प्रस्तुत किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को यातायात पुलिस द्वारा प्रोत्साहित भी किया गया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में कम उम्र से ही यातायात नियमों के प्रति जागरूकता पैदा करना और सुरक्षित यातायात व्यवहार को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और यातायात पुलिस का स्टाफ मौजूद रहा।
यातायात पुलिस जांजगीर ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आगे भी इसी तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।




