
रिपोर्टर- लाला उपाध्याय / लोकेशन: सक्ती
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरखापाली गांव में होली के दिन पुरानी रंजिश को लेकर बड़ा बवाल हो गया। दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। उग्र भीड़ ने कई घरों में घुसकर तोड़फोड़ की और आगजनी की घटना को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि आगजनी में एक ट्रैक्टर, एक पिकअप वाहन, तीन बाइक और डीजे सेट जलकर खाक हो गए। वहीं घरों में रखे सामान को भी भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के दौरान महिलाओं के साथ मारपीट की भी बात सामने आई है।



एक पक्ष की गंगाबाई कुर्रे ने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते गांव के लोगों ने उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ और आगजनी की। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से कोटवार रथराम सिदार की पत्नी ने बताया कि कोटवार ने सुखदेव कुर्रे को शराब बिक्री से मना किया था, इसी बात को लेकर उनके साथ मारपीट की गई और उनकी हालत गंभीर हो गई।
गांव की सरपंच सुधा पटेल का कहना है कि सुखदेव कुर्रे द्वारा लंबे समय से शराब बेची जा रही थी और ग्रामीणों ने कई बार इसका विरोध किया था। होली के दिन फोन कर कोटवार रथराम सिदार को बुलाया गया और उनके साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में बिलासपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सरपंच का यह भी कहना है कि कुर्रे परिवार द्वारा आगजनी का झूठा आरोप लगाया जा रहा है।


फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




