कुनकुरी में “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर

कुनकुरी, 31 अक्टूबर
राष्ट्रीय एकता दिवस और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आज थाना कुनकुरी द्वारा “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन किया गया। बारिश के बावजूद जोश से भरे प्रतिभागियों ने जय स्तंभ चौक से दौड़ की शुरुआत की और खेल मैदान होते हुए बस स्टैंड तक पहुंचकर एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में एसडीओपी विनोद कुमार मंडावी ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” का मंत्र हर नागरिक के जीवन का हिस्सा होना चाहिए।
इस अवसर पर शिक्षा अधिकारी, नगर पंचायत अधिकारी, कन्या शाला, सरस्वती शिशु मंदिर, स्वामी आत्मानंद स्कूल के विद्यार्थी और नगर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। साथ ही, थाना कर्मचारियों को भी एसडीओपी ने कुनकुरी थाना परिसर में एकता की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के अंत में शिशु मंदिर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
करीब 150 लोगों की भागीदारी से आयोजित यह दौड़ “एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति” का प्रतीक बनी।




