सचिन तेंदुलकर ने लियोनल मेसी को गिफ्ट की वर्ल्ड कप जर्सी, मुंबई में दिखा क्रिकेट-फुटबॉल का यादगार संगम

अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनल मेसी अपने तीन दिवसीय ‘GOAT इंडिया टूर’ के तहत मुंबई पहुंचे, जहां खेल जगत का ऐतिहासिक पल देखने को मिला। वानखेड़े स्टेडियम में क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर ने मेसी को अपने नाम की 2011 वनडे वर्ल्ड कप टीम इंडिया जर्सी गिफ्ट की। इस खास मुलाकात ने क्रिकेट और फुटबॉल के फैंस को भावुक कर दिया।
शाम करीब 5:30 बजे मेसी वानखेड़े स्टेडियम पहुंचे। उनके साथ लुईस सुआरेज और रोड्रिगो डी पॉल भी मौजूद थे। मेसी ने अर्जेंटीना और भारत का झंडा थामा, तिरंगे के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और दर्शकों का अभिवादन किया। उन्होंने स्टेडियम में बच्चों के साथ फुटबॉल खेला और फैंस की ओर फुटबॉल भी फेंकी।

इस दौरान मेसी ने भारतीय फुटबॉल स्टार सुनील छेत्री से मुलाकात कर उन्हें जर्सी और मोमेंटो गिफ्ट किया। पैडल इवेंट और फ्रेंडली मैच में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ भी नजर आए। मैच 1-1 से ड्रॉ रहा।
कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, अजय देवगन और करीना कपूर सहित कई बॉलीवुड सितारों से भी मेसी ने मुलाकात की। यह इवेंट भारत में खेल प्रेमियों के लिए यादगार बन गया।




