सक्ती कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय सीमा बैठक — एसआईआर कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश

सक्ती
जिले के कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अमृत विकास तोपनो ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय सीमा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में कलेक्टर ने निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को प्राथमिकता से और निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बताया कि इस समय जिले में बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना पत्रक वितरण का कार्य जारी है। उन्होंने सभी जनपद सीईओ को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच और सचिवों की बैठक लेकर उन्हें SIR की प्रक्रिया की जानकारी दी जाए और फील्ड स्तर पर सहयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि यह कार्य निर्धारित समय में पूरा हो सके।
धान खरीदी को लेकर दिए अहम निर्देश
बैठक में कलेक्टर ने 14 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी की तैयारियों पर भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी धान खरीदी केंद्रों पर साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और कर्मचारियों के प्रशिक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि धान खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी और किसानों की सुविधा केंद्रित होनी चाहिए।
साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध धान खरीदी, परिवहन और भंडारण पर सख्त नजर रखी जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तुरंत कार्रवाई की जाए।कलेक्टर ने नोडल अधिकारियों को धान खरीदी केंद्रों की नियमित मॉनिटरिंग करने और निरीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
उद्यानिकी विभाग में लापरवाही पर नाराज़गी
कलेक्टर तोपनो ने बैठक के दौरान उद्यानिकी विभाग के कुछ फील्ड कर्मचारियों द्वारा लापरवाही बरतने पर नाराज़गी जताई। उन्होंने सहायक संचालक को निर्देश दिए कि संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए।
उन्होंने उद्यानिकी विभाग को अपने विभागीय योजनाओं और प्रोजेक्ट्स की गति बढ़ाने के निर्देश दिए।
नशा मुक्ति अभियान और राजस्व कार्यों की समीक्षा
कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग से नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत फील्ड स्तर पर चल रही गतिविधियों की जानकारी ली और अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
साथ ही उन्होंने नामांतरण, सीमांकन, व्यपवर्तन, खाता विभाजन, त्रुटि सुधार, आधार प्रविष्टि जैसे राजस्व प्रकरणों की समीक्षा कर अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने को कहा।उन्होंने विभिन्न विभागों के लंबित पेंशन प्रकरणों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और तेजी से निराकरण करने के निर्देश भी दिए।
विभागवार समीक्षा और अधिकारी उपस्थित
कलेक्टर ने पंचायत, लोक निर्माण, शिक्षा, विद्युत, खाद्य, सहकारिता, नगरीय प्रशासन, मत्स्य पालन, महिला एवं बाल विकास, पशु चिकित्सा सहित सभी विभागों के कार्यों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ वासु जैन, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र लकड़ा, बालेश्वर राम, के.एस. पैकरा, एसडीएम सक्ती अरुण कुमार सोम, एसडीएम मालखरौदा रूपेंद्र पटेल, एसडीएम डभरा विनय कुमार कश्यप, डिप्टी कलेक्टर कावेरी मरकाम, डिप्टी कलेक्टर प्रितेश राजपूत समेत सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
छह चरणों में पूरा होगा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) को छह चरणों में पूरा किया जा रहा है —
- मुद्रण एवं प्रशिक्षण: 28 अक्टूबर से 3 नवंबर 2025
- घर-घर सत्यापन: 4 नवंबर से 4 दिसंबर 2025
- ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशन: 9 दिसंबर 2025
- दावा एवं आपत्ति अवधि: 9 दिसंबर 2025 से 8 जनवरी 2026
- सुनवाई एवं सत्यापन: 9 दिसंबर 2025 से 31 जनवरी 2026
- अंतिम मतदाता सूची प्रकाशन: 7 फरवरी 2026
कलेक्टर ने कहा कि सभी चरणों का कार्य समय पर और पूरी पारदर्शिता से पूरा होना चाहिए ताकि चुनावी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित की जा सके।




