सक्ती जिले की प्रभारी सचिव किरण कौशल ने धान उपार्जन केंद्रों का किया निरीक्षण

समर्थन मूल्य पर पंजीकृत किसानों से धान खरीदी की प्रक्रिया 15 नवंबर से शुरू हो चुकी है। धान खरीदी कार्य को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए प्रभारी सचिव श्रीमती किरण कौशल ने कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के साथ डोडकी, मसानिया खुर्द सहित कई धान उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी केंद्रों में किसानों को एकड़ अनुसार टोकन की जानकारी स्पष्ट रूप से दर्शाने वाले बैनर लगाने के निर्देश दिए। तय नियमों के अनुसार—
- 2 एकड़ तक वाले किसानों को 1 टोकन
- 2 से 10 एकड़ तक 2 टोकन
- 10 एकड़ से अधिक वाले किसानों को 3 टोकन जारी होंगे।


उन्होंने खरीदी प्रभारियों और पंचायत सचिवों को गांव-गांव मुनादी कर किसानों को खरीदी व्यवस्था की जानकारी देने के निर्देश दिए। साथ ही बारदाने की उपलब्धता, धान की गुणवत्ता, गेट पास, सुरक्षा व्यवस्था और परिवहन की तैयारी की समीक्षा की।
प्रभारी सचिव ने धान से नमी की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक न होने देने और धान भरे बारदानों की मशीन से सिलाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ धान खरीदी कार्य सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




