कोरबा

सोन नदी पर रेत माफियाओं का राज, दिनदहाड़े हो रहा अवैध खनन

लोकेशन-कोरबा, छत्तीसगढ़

रिपोर्टर-सरोज रात्रे

कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पकरिया में बहने वाली सोन नदी इन दिनों रेत माफियाओं की जागीर बनती जा रही है। हालात इतने गंभीर हैं कि दिनदहाड़े नदी का सीना छलनी किया जा रहा है और प्रशासन पूरी तरह बेखबर बना हुआ है।

सोन नदी से खुलेआम अवैध रेत खनन और परिवहन किया जा रहा है। रोज़ाना सैकड़ों की संख्या में ट्रैक्टर बिना किसी वैध परमिट के नदी से रेत निकालकर मुख्य सड़कों से गुजर रहे हैं। न इन्हें रोकने वाला कोई है, न ही कार्रवाई का डर दिखाई देता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध खनन की जानकारी कई बार प्रशासन, पुलिस और माइनिंग विभाग को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि रेत माफिया इतनी बेखौफ हो चुका है कि खुलेआम मशीनों और ट्रैक्टरों के जरिए नदी को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।

अवैध रेत खनन से पर्यावरण को भारी नुकसान हो रहा है। सोन नदी का जलस्तर लगातार गिर रहा है, नदी के किनारे कटाव बढ़ रहा है और आने वाले समय में जल संकट गहराने की आशंका जताई जा रही है। बावजूद इसके जिम्मेदार विभाग मौन साधे हुए हैं।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि
क्या यह सब कुछ प्रशासनिक मिलीभगत और ‘सेटिंग’ के तहत चल रहा है?
और आखिर कब जागेगा प्रशासन, कब रुकेगी सोन नदी की ये लूट?

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button