धुरंधर’ की ऐतिहासिक सफलता पर सारा अर्जुन का भावुक संदेश, बोलीं- दर्शकों के सामने नतमस्तक हूं

फिल्म ‘धुरंधर’ की रिकॉर्डतोड़ सफलता के बीच एक्ट्रेस सारा अर्जुन ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर दर्शकों के प्रति अपना आभार जताया है। पहली ही बॉलीवुड फिल्म से जबरदस्त पहचान बनाने वाली सारा ने कहा कि इस फिल्म की पूरी यात्रा दर्शकों के प्यार और समर्थन के बिना संभव नहीं थी।
20 वर्षीय सारा अर्जुन ने हाल ही में आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर’ से बॉलीवुड में कदम रखा और डेब्यू के साथ ही दर्शकों का दिल जीत लिया। फिल्म ने दुनियाभर में 1100 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस बड़ी उपलब्धि के बाद सारा ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा पोस्ट लिखकर अपने दिल की बात कही।
अपने संदेश में सारा ने दर्शकों को ‘सबसे बड़े धुरंधर’ बताते हुए लिखा कि लंबे समय से यह कहा जाता रहा है कि दर्शकों में अब लंबी कहानियों को देखने का धैर्य नहीं रहा, लेकिन ‘धुरंधर’ को मिले अपार प्यार ने इस सोच को पूरी तरह गलत साबित कर दिया। उन्होंने कहा कि जब लोग किसी कहानी पर विश्वास करते हैं और एकजुट होकर उसका समर्थन करते हैं, तो उसका असर पूरी दुनिया देखती है।
सारा अर्जुन ने आगे लिखा कि इस फिल्म की सफलता दर्शकों की वजह से ही संभव हो पाई है। उनका प्यार, समय और समर्थन ही फिल्म को आगे बढ़ाता रहा। उन्होंने यह भी कहा कि दर्शकों पर किसी कलाकार या फिल्म निर्माता का कोई नियंत्रण नहीं होता और यही बात सिनेमा को सबसे खूबसूरत बनाती है।
अपने पोस्ट के अंत में सारा ने लिखा कि उन्हें जो प्रेम और प्रोत्साहन मिला है, उसके लिए वह कृतज्ञता से भरी हुई हैं और ईश्वर के साथ-साथ दर्शकों के सामने भी सिर झुकाकर तहे दिल से धन्यवाद करती हैं।




