
लोकेशन: जशपुर / सरहुल पर्व / रिपोर्टर: दीपक वर्मा, जशपुर
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज जशपुर जिले के दौरे पर रहे, जहां उन्होंने आदिवासी समाज के प्रमुख पर्व सरहुल सरना पूजा ‘खद्दी परब’ में शामिल होकर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
जशपुर के दीपू बगीचा में आयोजित इस पर्व को पारंपरिक रीति-रिवाजों और गहरी आस्था के साथ मनाया गया। सरहुल पर्व प्रकृति पूजा और आदिवासी संस्कृति का प्रतीक है, जिसमें साल वृक्ष की पूजा कर सुख-समृद्धि और अच्छी फसल की कामना की जाती है।



मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और सरना स्थल पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि और शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने आदिवासी समाज की समृद्ध परंपराओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे पर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करते हैं।



मुख्यमंत्री के आगमन से पूरे आयोजन में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाज के वरिष्ठजन, युवा और महिलाएं कार्यक्रम में शामिल हुए। पारंपरिक वेशभूषा में सजे श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक पर्व मनाया और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।



कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, वहीं प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और आयोजन को सुचारु रूप से संपन्न कराया।
सरहुल सरना पूजा ‘खद्दी परब’ का यह आयोजन एक बार फिर जशपुर की सांस्कृतिक समृद्धि और सामाजिक एकता की मिसाल बनकर सामने आया।




