बिलासपुर

शराब के लिए पैसे न देने पर बवाल, सरकंडा पुलिस ने दो बदमाशों को किया गिरफ्तार

बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसों की मांग कर अशांति फैलाने वाले दो बदमाशों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। आरोपियों ने पैसे देने से मना करने पर न सिर्फ गाली-गलौच की, बल्कि शराब की खाली शीशी से हमला कर दो लोगों को घायल कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी दिलीप कुमार केंवट (45 वर्ष), निवासी ग्राम कर्रा नैनपुर, हाल मुकाम अमरैया चौक चिंगराजपारा, सरकंडा ने 4 अक्टूबर 2025 को थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह रात करीब 8:30 बजे अमरैया चौक स्थित शराब भट्ठी से शराब लेकर लौट रहा था, तभी शराब भट्ठी के पास करन सूर्यवंशी और संजय सूर्यवंशी उर्फ संजू ने उससे शराब पीने के लिए पैसे की मांग की।

पैसे देने से इनकार करने पर दोनों आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी और पास में रखी शराब की खाली शीशी से हमला कर दिलीप केंवट को चोट पहुंचाई। बीच-बचाव करने आए अर्जुन केंवट को भी शराब की शीशी से मारकर घायल कर दिया गया।

मामले में थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 1366/2025 धारा 119(1), 296, 115(2), 351(2), 3(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार चल रहे थे।

दिनांक 15 दिसंबर 2025 को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने निवास चिंगराजपारा में मौजूद हैं। सूचना से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह को अवगत कराया गया, जिनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल एवं सीएसपी (सिविल लाइन/सरकंडा) निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरकंडा निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों करन सूर्यवंशी (25 वर्ष) और संजय सूर्यवंशी उर्फ संजू (19 वर्ष), निवासी चिंगराजपारा को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

सरकंडा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि थाना क्षेत्र में अशांति फैलाने, मारपीट और गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी और त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button