सलखन गौठान में मवेशियों की मौत का मामला: सरपंच गिरफ्तार — जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

जांजगीर-चांपा, 09 नवंबर 2025
थाना शिवरीनारायण क्षेत्र के ग्राम सलखन गौठान में दर्जनों मवेशियों की रहस्यमयी मौत के मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम सरपंच रामकृष्ण कश्यप (56 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNSS की धारा 170, 126, 135(3) के तहत मामला दर्ज किया है।इस कार्रवाई में निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी (थाना प्रभारी शिवरीनारायण),सउनि रामप्रसाद बघेल (पुलिस सहायता केंद्र राहौद),आरक्षक प्रवीण कुमार साहू, विवेक सिंह सहित पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे (IPS) ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए त्वरित जांच के निर्देश दिए थे। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (चांपा) यदुमणि सिदार के नेतृत्व में जांच टीम गठित की गई।
दिनांक 06 अक्टूबर 2025 को ग्राम सलखन स्थित गौठान में 14 मवेशी (7 गाय और 7 बैल) मृत पाए गए, जबकि 5 मवेशियों के कंकाल और 3 घायल अवस्था में मिले थे। मृत मवेशियों के पोस्टमार्टम के बाद थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 493/2025 दर्ज किया गया। जांच के दौरान यह सामने आया कि गौठान के चारों ओर अवैध तरीके से झटका तार लगाया गया था, जिससे मवेशियों की मौत हुई।
पुलिस ने मौके से पंचनामा तैयार कर, पशु चिकित्सक की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया। तत्पश्चात सरपंच रामकृष्ण कश्यप को घटना के लिए जिम्मेदार मानते हुए गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।




