मनरेगा बचाओ आंदोलन: भाजपा सरकार की नीयत साफ नहीं — डॉ. चरणदास महंत

लोकेशन:- सक्ती
दिनांक:- 06/02/2026
रिपोर्टर:- लाला उपाध्याय
अखिल भारतीय कांग्रेस एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत जिला कांग्रेस कमेटी ने सक्ती कलेक्टर कार्यालय के सामने मैदान में विशाल सभा का आयोजन किया। सभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि भाजपा सरकार की नीति और नीयत साफ नहीं है। किसानों का धान नहीं खरीदा गया और अब मनरेगा को बंद करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर मनरेगा में प्रस्तावित बदलावों से होने वाले नुकसान की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं।


अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सह-प्रभारी जरिता लैतफलांग ने कहा कि भाजपा शासन में देशभर में अराजकता का माहौल है। प्रदेश समन्वयक व विधायक उमेश पटेल ने कहा कि जब तक हर हाथ को काम और काम का उचित दाम नहीं मिलेगा, संघर्ष जारी रहेगा। विधायक रामकुमार यादव ने मनरेगा को ग्रामीण गरीबों के जीवन-यापन का अहम साधन बताते हुए नियमों को जटिल करने का आरोप लगाया। विधायक बालेश्वर साहू ने कहा कि भाजपा सरकार धान खरीदी को लेकर किसानों से किए वादों से मुकर गई है और अब मनरेगा के नियम बदलकर इसे निजी हाथों में देने की तैयारी कर रही है।
सभा के बाद नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। मनरेगा को मूल स्वरूप में बहाल करने हेतु महामहिम राष्ट्रपति के नाम तथा धान खरीदी 15 फरवरी तक सुनिश्चित करने के लिए महामहिम राज्यपाल के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस घेरेबंदी के कारण अंदर प्रवेश नहीं हो सका।




