सक्ती में स्वच्छता सामग्री खरीदी घोटाला उजागर — तीन विकासखंड शिक्षा अधिकारी निलंबित

लोकेशन — सक्ती जिला
दिनांक — 29/11/2025
रिपोर्टर — लाला उपाध्याय
सक्ती जिले से इस समय की सबसे बड़ी खबर—स्कूल शिक्षा विभाग ने स्वच्छता सामग्री खरीदी में हुए बड़े घोटाले का खुलासा करते हुए त्वरित और कड़ी कार्रवाई की है। जांच में भारी अनियमितताएँ उजागर हुई हैं, जिसके बाद विभाग ने तीन विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जांच रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ है कि स्वच्छता सामग्री की खरीदी बिना गुणवत्ता परीक्षण के की गई। प्रक्रिया का पालन नहीं हुआ, भुगतान नियमों के विपरीत हुआ और कई स्तरों पर अनुशासनहीनता पकड़ में आई।

इसी के बाद शासन ने कठोर कदम उठाते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी डभरा श्याम लाल वारे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी जैजैपुर व्ही.के. सिदार, और तत्कालीन विकासखंड शिक्षा अधिकारी मालखरौदा टी.एस. जगत को तुरंत निलंबित कर दिया है।

निलंबन आदेश सिविल सेवा आचरण नियमों के तहत जारी किया गया है। निलंबन अवधि में तीनों अधिकारियों को जिला शिक्षा कार्यालय सक्ती में संलग्न किया गया है।
सक्ती जिले में शिक्षा विभाग द्वारा की गई यह कार्रवाई अब तक की सबसे बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई मानी जा रही है।




