
लोकेशन – सूरजपुर
सूरजपुर जिले में सरकारी नौकरी का लालच देकर ठगी का एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। खुद को मंत्रालय स्तर पर “ऊपर तक पहुंच” वाला बताकर एक पैरामेडिकल संस्थान के संचालक ने महिला से 7 लाख रुपये ऐंठ लिए। जब नौकरी नहीं लगी, तो पीड़िता ने कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की मांग की है।
नौकरी के नाम पर भरोसा, बदले में ठगी
प्रेमनगर क्षेत्र की रहने वाली शीतल साहू ने बताया कि गुरुकुल पैरामेडिकल के संचालक रामनिवास साहू ने उसे एडीओ (Assistant Development Officer) के पद पर सरकारी नौकरी दिलाने का दावा किया था। इसी भरोसे में उसने चरणबद्ध तरीके से 7 लाख रुपये आरोपी को दिए।
लेकिन लंबे इंतजार के बाद भी न नौकरी मिली, न कोई नियुक्ति पत्र। जब शीतल ने अपने पैसे वापस मांगे तो संचालक ने शुरुआत में टालमटोल की। दबाव पड़ने पर किसी तरह 4 लाख रुपये लौटा दिए, लेकिन अभी भी 3 लाख रुपये बकाया हैं जिन्हें वापस देने से आरोपी इंकार कर रहा है।
पीड़िता पहुंची SSP ऑफिस, अब होगी जांच
पैसे नहीं मिलने पर पीड़िता सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और एसएसपी प्रशांत ठाकुर को पूरी घटना की जानकारी दी। SSP कार्यालय से संबंधित थाना को जांच के निर्देश जारी किए गए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि सबूतों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।




