2 इंच की सड़क, लाखों की बंदरबांट? नवागांव दयाली में सीसी रोड निर्माण पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप

रिपोर्टर: विनोद जायसवाल
लोकेशन: मुंगेली, छत्तीसगढ़
दिनांक: 25 दिसंबर 2025
मुंगेली जिले के लोरमी जनपद क्षेत्र के ग्राम पंचायत नवागांव दयाली में सीसी रोड निर्माण को लेकर बड़ा भ्रष्टाचार सामने आया है। ग्रामीणों ने सरपंच और सचिव पर लाखों रुपए की बंदरबांट का गंभीर आरोप लगाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में मात्र 2 इंच की पतली परत डाली गई है, जो बेहद घटिया और निर्माण मानकों के विपरीत है। इतना ही नहीं— पुराने सीसी रोड को तोड़ने की बजाय उसी पर नए निर्माण का दिखावा किया गया, जो सीधे-सीधे सरकारी धन की बर्बादी और भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है।


सरपंच प्रेमलता बर्मन और सचिव पंच कुमार पात्रे पर मिलीभगत के आरोप लगाए जा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि शुरू से ही निर्माण में गुणवत्ताहीन सामग्री का उपयोग किया गया, जिससे सड़क के जल्द ही उखड़ जाने की आशंका बनी हुई है।
इस पूरे मामले पर जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडे ने संज्ञान लेते हुए कहा है कि—
यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो जिम्मेदारों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामवासियों का गुस्सा साफ झलक रहा है और वे पारदर्शी जांच और जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल ग्रामीणों की शिकायत और आरोपों के बाद प्रशासन की अगली कार्यवाही पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।




