छत्तीसगढ़

दुलदुला में सीसी रोड निर्माण में गंभीर अनियमितता, भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी सड़कें

रिपोर्टर:
दीपक वर्मा
लोकेशन:
दुलदुला, जशपुर

जशपुर जिले के दुलदुला ग्राम पंचायत में विकास कार्यों की पोल खुलती नजर आ रही है। ग्राम पंचायत के सोकोडीपा मोहल्ले में 15वें वित्त आयोग की राशि से करीब 2 लाख रुपये की लागत से दो सीसी सड़कों का निर्माण कराया गया था, लेकिन निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर अब गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि सड़क निर्माण में तय मानकों की अनदेखी की गई। मजदूरों की जगह पूरी तरह एजाक्स मशीन से काम कराया गया, जबकि सीसी सड़क निर्माण में अनिवार्य वाइब्रेटर मशीन का उपयोग नहीं किया गया। इसके साथ ही अमानक बालू का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया गया, जिससे सड़क की सतह कई जगह असमान नजर आ रही है और कंक्रीट की परत भी बेहद पतली बताई जा रही है।

पहली सड़क कृष्णा मंदिर से चंपावती के घर तक बनाई गई है, वहीं दूसरी सड़क कृष्णा होटल के पास लगभग 30 मीटर लंबी है। नियमों के अनुसार हर 3 मीटर पर थर्माकोल या कांच का टुकड़ा डालना जरूरी होता है, लेकिन इस नियम को भी नजरअंदाज किया गया। आरोप है कि पंचायत और निर्माण एजेंसी की मिलीभगत से कागजों में गुणवत्ता दिखाई गई, जबकि ज़मीनी स्तर पर भारी गड़बड़ी की गई। मामले को लेकर एसडीओ प्रभारी श्री पैंकरा ने अनियमितता की जानकारी मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अब बड़ा सवाल यह है कि यह जांच ज़मीनी हकीकत तक पहुंचेगी या फिर सिर्फ फाइलों में ही सिमट कर रह जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button