मालखरौदा किसानों की धान बिक्री में गंभीर समस्याएँ, SDM को कलेक्टर के नाम ज्ञापन – उग्र आंदोलन की चेतावनी

लाला उपाध्याय
लोकेशन: सक्ती जिला, मालखरौदा
दिनांक: 30/12/2025
सक्ति जिले के मालखरौदा क्षेत्र के किसान इस समय गंभीर संकट से जूझ रहे हैं… धान खरीदी में अनियमितताओं और भौतिक सत्यापन के दौरान की गई कथित लापरवाही से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों का आरोप है कि उनकी 5 एकड़ तक की कृषि भूमि को बिना सही जांच के अन्य फसल के नाम दर्ज कर दिया गया, जिससे वे धान बिक्री से वंचित हो रहे हैं।
किसानों ने बताया कि पूरे रकबे को अन्य फसल दिखा दिया गया है जबकि कई छोटे किसानों का अधूरा रकबा पोर्टल में दर्ज है। यही नहीं… स्थानीय अधिकारियों पर किसानों ने गंभीर आरोप लगाए हैं कि शिकायतों के बावजूद न तो सुनवाई की जा रही है और न ही आवश्यक कार्रवाई, उल्टा बदसलूकी और समस्या को नज़रअंदाज़ करने जैसी बातें सामने आई हैं।
गबेल समाज के प्रदेश अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता लालू गबेल के नेतृत्व में पीड़ित किसानों ने आज अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मालखरौदा को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए त्वरित समाधान की मांग रखी है। किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
किसानों का कहना है कि धान खरीदी केंद्रों में लिमिट और तौल में भी मनमानी हो रही है, जबकि बड़े किसानों को तीन-तीन बार टोकन लेने के बाद भी पूरा धान बेचने का मौका नहीं मिल पा रहा है। किसानों ने इसे छत्तीसगढ़ सरकार की छवि को खराब करने वाली गंभीर स्थिति बताया है।
वहीं SDM ने मामले पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है।




