
लोकेशन: सूरजपुर, छत्तीसगढ़ रिपोर्टर: सुरेन्द्र साहू
मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर प्रेमनगर मण्डल में महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं और आवास हितग्राहियों का सम्मान
एंकर
छत्तीसगढ़ के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के जन्मदिन को प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र में सेवा और सम्मान के भाव के साथ मनाया गया। प्रेमनगर मण्डल के अंतर्गत ग्राम वृंदावन में आयोजित इस कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना से लाभान्वित महिलाओं और प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन “हितग्राही संपर्क एवं सम्मान अभियान” के तहत किया गया, जहां सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।




प्रेमनगर मण्डल के ग्राम वृंदावन में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा के मार्गदर्शन और जिलाध्यक्ष देव गुप्ता के निर्देशन में आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर धूप-दीप और पुष्प अर्पित कर की गई।
मण्डल महामंत्री महेंद्र कुमार यादव ने अपने उद्बोधन में भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं युवा मोर्चा मण्डल अध्यक्ष प्रदीप साहू ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के जीवन संघर्ष और पंच से मुख्यमंत्री तक के प्रेरक सफर को रेखांकित किया।
मण्डल अध्यक्ष मिथिला बंजारा ने कहा कि मुख्यमंत्री का जन्मदिन सेवा दिवस के रूप में मनाया जा रहा है और श्री साय छत्तीसगढ़ को नई पहचान दिलाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं को साड़ियां भेंट कर सम्मानित किया गया, जबकि आवास योजना के हितग्राहियों को अंगवस्त्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के अंत में मिष्ठान वितरण किया गया। संचालन युवा मोर्चा महामंत्री दीपेश बंसल ने किया और आभार प्रदर्शन पिछड़ा वर्ग मोर्चा महामंत्री रामलाल राजवाड़े ने किया।
कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग मोर्चा मण्डल अध्यक्ष अखिलेश साहू, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष सुभाष साहू, भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता दुबराज सिंह, अजय सोरी, वृंदावन के सरपंच कृष्णा सिंह मरावी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




