ऑस्ट्रेलिया के समुद्री तट पर मौत का साया: 3 दिन में शार्क के 4 हमले, सर्फर घायल

कई बीच बंद
ऑस्ट्रेलिया के समुद्री तटों पर शार्क के लगातार हमलों से दहशत का माहौल है। पिछले तीन दिनों में शार्क ने चार बार इंसानों पर हमला किया है, जिसमें सर्फर्स और बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हालात को देखते हुए न्यू साउथ वेल्स के उत्तरी तट और उत्तरी सिडनी के कई समुद्र तटों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
ताजा घटना मंगलवार सुबह न्यू साउथ वेल्स के पॉइंट प्लोमर में हुई, जहां शार्क के हमले में 39 वर्षीय सर्फर घायल हो गया। सर्फ लाइफ सेविंग क्लब के अनुसार, सर्फिंग बोर्ड ने हमले का अधिक असर झेला, जिससे सर्फर की जान बच गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इससे पहले रविवार को सिडनी हार्बर के पास 12 साल के एक लड़के पर शार्क ने हमला किया, जिसमें उसके दोनों पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। सोमवार को 11 साल के एक अन्य लड़के के सर्फबोर्ड को शार्क ने काट लिया, जबकि एक 20 वर्षीय सर्फर को पैर में काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि हालिया बारिश के कारण समुद्र का पानी गंदा हो गया है, जिससे बुल शार्क की गतिविधियां बढ़ गई हैं। सर्फ लाइफ सेविंग NSW ने लोगों से समुद्र में न उतरने और तैराकी के लिए स्विमिंग पूल का इस्तेमाल करने की अपील की है। सुरक्षा जाल और ड्रमलाइन के बावजूद हालात फिलहाल असुरक्षित बताए जा रहे हैं।




