बजट 2026 पर शशि थरूर की नाराज़गी, बोले—चुनावी साल में भी केरल पूरी तरह नजरअंदाज़

नई दिल्ली। केंद्रीय बजट 2026 को लेकर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बजट पेश होने के बाद थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक के बाद एक सात पोस्ट कर केंद्र सरकार से सवाल पूछे और कहा कि चुनावी वर्ष में भी केरल को बजट में कोई ठोस प्राथमिकता नहीं दी गई।
शशि थरूर ने बजट भाषण को लेकर कहा कि इसमें स्पष्टता की कमी थी और कई अहम मुद्दों पर चुप्पी दिखाई दी। उन्होंने कहा कि केरल, जो देश के विदेशी मुद्रा भंडार, कुशल श्रम शक्ति और सॉफ्ट पावर में बड़ा योगदान देता है, वह इस बजट में “अदृश्य” नजर आता है। उनके अनुसार यह अपने आप में एक राजनीतिक संदेश है।
थरूर ने केरल के लिए AIIMS की घोषणा न होने पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश के अन्य हिस्सों में 22 संस्थान स्थापित किए जा चुके हैं, लेकिन स्वास्थ्य के क्षेत्र में अग्रणी राज्य केरल को इससे बाहर रखना हैरान करने वाला है। इसके अलावा ऑल इंडिया आयुर्वेद इंस्टीट्यूट और तिरुवनंतपुरम को मेडिकल हब के रूप में विकसित करने से जुड़े वादों का भी बजट में कोई उल्लेख नहीं मिला।
हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की योजनाओं में केरल को शामिल न किए जाने पर भी उन्होंने नाराज़गी जताई। साथ ही, विझिंजम बंदरगाह को राष्ट्रीय रणनीतिक संपत्ति बताते हुए उसकी कनेक्टिविटी के लिए बजटीय समर्थन न मिलने को गंभीर चूक करार दिया।
थरूर ने कहा कि केरल को ऐसे नेतृत्व की आवश्यकता है जो दिल्ली में राज्य के हितों को मजबूती से रख सके और स्थानीय विकास को प्राथमिकता दिला सके।




