राष्ट्रीय

नीचे से जहाज, ऊपर से दौड़ेंगी गाड़ियां: Narendra Modi आज करेंगे Kumar Bhaskar Varma Setu का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को असम के एक दिवसीय दौरे पर कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम के तहत वे पहले मोरन में इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी (ELF) का उद्घाटन करेंगे और इसके बाद गुवाहाटी में ब्रह्मपुत्र नदी पर बने अत्याधुनिक छह-लेन पुल कुमार भास्कर वर्मा सेतु को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
गुवाहाटी और उत्तरी गुवाहाटी के बीच दूरी होगी कम
करीब 3,030 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह पुल गुवाहाटी को उत्तरी गुवाहाटी से जोड़ेगा। 1.24 किलोमीटर लंबा यह छह-लेन एक्स्ट्राडोज्ड प्री-स्ट्रेस्ड कंक्रीट पुल क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा और दोनों हिस्सों के बीच यात्रा समय घटाकर लगभग सात मिनट कर देगा।
पुल के नीचे से नाव और छोटे जहाजों का आवागमन भी संभव होगा, जबकि ऊपर से वाहनों की रफ्तार जारी रहेगी। आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीक से तैयार इस सेतु में हाई-परफॉर्मेंस स्टे केबल्स और भूकंप रोधी बेस आइसोलेशन तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। साथ ही ब्रिज हेल्थ मॉनिटरिंग सिस्टम भी लगाया गया है, जिससे इसकी संरचनात्मक स्थिति की रियल-टाइम निगरानी की जा सकेगी।
असम को मिलेंगी कई और सौगातें
प्रधानमंत्री लचित घाट से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए IIM-गुवाहाटी के अस्थायी परिसर और एआई आधारित हाइपरस्केल डेटा सेंटर का उद्घाटन भी करेंगे। राज्य सरकार के अनुसार, इससे असम शिक्षा और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा।
इसके अलावा, प्रधानमंत्री गुवाहाटी के लिए 100 इलेक्ट्रिक वाहनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे। दौरे को लेकर पूरे राज्य में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
पिछले तीन महीनों में यह प्रधानमंत्री का तीसरा असम दौरा है। राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर इस दौरे को राजनीतिक और विकासात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button