शिवरीनारायण हत्याकांड का खुलासा: 2 आरोपी गिरफ्तार, एक अपचारी बालक पकड़ा गया

लोकेशन-शिवरीनारायण /जांजगीर-चांपा / रिपोर्टर-शुभांशु मिश्रा
जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र से बड़ी पुलिस सफलता की खबर है। हत्या के एक सनसनीखेज मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, वहीं एक विधि से संघर्षरत अपचारी बालक को भी पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया है।

दरअसल, मृतक राहुल चौहान, जो सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भटगांव थाना क्षेत्र के दर्रा गांव का निवासी था, शिवरीनारायण मेला देखने के बाद अपनी मौसी के घर ग्राम धरदेई गया था। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से उसकी बेरहमी से हत्या कर शव को पुरेना तालाब में फेंक दिया था।
घटना की सूचना मिलते ही शिवरीनारायण पुलिस ने 11 फरवरी को मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम कर जांच शुरू की और हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना में लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।
त्वरित और सटीक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी करन कुर्रे और अनिरुद्ध उर्फ अन्नी कुर्रे को गिरफ्तार किया, जबकि एक अपचारी बालक को भी पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या करने और सबूत मिटाने के इरादे से शव को तालाब में फेंकने की बात कबूल की है।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू, खून से सने कपड़े और मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए हैं। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत विधिवत कार्रवाई की जा रही है।
शिवरीनारायण पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।




