जांजगीर-चांपा

शिवरीनारायण हत्याकांड का खुलासा, फरार आरोपी समेत 3 गिरफ्तार

लोकेशन – जांजगीर–चांपा, छत्तीसगढ़
रिपोर्टर – शुभांशु मिश्रा


जांजगीर–चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। थाना शिवरीनारायण पुलिस की सक्रियता से इस मामले में एक फरार आरोपी सहित दो विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी और अपचारी बालकों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पकड़े गए मुख्य आरोपी का नाम राजवीर अनंत, उम्र 19 वर्ष, निवासी राहौद थाना शिवरीनारायण बताया गया है। इस प्रकरण में अपराध क्रमांक 58/2026 के तहत धारा 103 (1), 61 (2) बीएनएस में विधिवत कार्रवाई की गई है।
घटना का विवरण बताते हुए पुलिस ने कहा कि मृतक राहुल चौहान, निवासी दर्रा थाना भटगांव जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, शिवरीनारायण मेला देखने के बाद अपनी मौसी के घर ग्राम धरदेई गया था। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव को छिपाने की नीयत से पुरेना तालाब में फेंक दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर–चांपा विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और एसडीओपी चांपा यदुमणि सिदार के मार्गदर्शन में शिवरीनारायण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी और दो अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर राहुल चौहान की चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या करने और शव को तालाब में फेंकने की बात कबूल की है।
फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव सहित शिवरीनारायण थाना स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button