दुर्ग के शनिचरी बाजार में स्कोर्पियो की टक्कर से हड़कंप—नशे में धुत् चालक ने 9 साल के बच्चे सहित तीन लोगों को घायल किया

दुर्ग ब्रेकिंग न्यूज़ — विस्तृत रिपोर्ट
रिपोर्टर: मुस्ताक कुरैशी | लोकेशन: दुर्ग
शहर के व्यस्त शनिचरी बाजार में आज दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब कथित रूप से नशे में धुत् एक स्कोर्पियो चालक ने सड़क किनारे चल रहे लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 9 वर्ष के एक बच्चे सहित कुल 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कोर्पियो तेज रफ्तार में लहराते हुए बाजार की ओर आई और अचानक नियंत्रण खोते हुए लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को जिला चिकित्सालय दुर्ग पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों ने बताया कि तीनों घायलों की हालत स्थिर है, मगर उन्हें निगरानी में रखा गया है।



गाड़ी की तलाशी में चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस ने जब स्कोर्पियो की जांच की तो डैशबोर्ड में आधी भरी शराब की बोतल और खाने के कई पैकेट बरामद हुए। इससे यह आशंका और मजबूत हो गई कि चालक दुर्घटना के समय शराब के नशे में था।
आरोपी चालक गिरफ्तार
मौके पर मौजूद लोगों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसका मेडिकल टेस्ट करवाने भेज दिया है। प्राथमिक जांच में नशे की पुष्टि के संकेत मिले हैं। पुलिस ने वाहन को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस थाना अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ लापरवाहीपूर्ण ड्राइविंग, नशे में वाहन चलाने और हादसे में चोट पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।




