एपस्टीन फाइल में चौंकाने वाला दावा: काबा के पवित्र कपड़े ‘किस्वा’ के टुकड़े अमेरिका भेजे गए, एपस्टीन तक पहुंचने की बात

जेफ्री एपस्टीन से जुड़े हाल ही में सार्वजनिक किए गए दस्तावेजों में एक संवेदनशील और चौंकाने वाला दावा सामने आया है। रिकॉर्ड के मुताबिक, साल 2017 में मक्का स्थित काबा को ढकने वाले पवित्र कपड़े ‘किस्वा’ के तीन टुकड़े सऊदी अरब से अमेरिका भेजे गए थे, जो बाद में एपस्टीन के फ्लोरिडा स्थित आवास तक पहुंचे।
मिडिल ईस्ट आई की रिपोर्ट के अनुसार, फरवरी–मार्च 2017 के दौरान यह शिपमेंट UAE की कारोबारी महिला अजीजा अल-अहमदी और सऊदी नागरिक अब्दुल्लाह अल-मारी से जुड़ी बताई गई है। ईमेल रिकॉर्ड में इन टुकड़ों को ‘किस्वा’ से संबंधित बताया गया है। किस्वा वह काला रेशमी कपड़ा होता है, जिस पर सोने-चांदी के धागों से कुरान की आयतों की कढ़ाई होती है और जिसे इस्लाम में अत्यंत पवित्र माना जाता है।
दस्तावेजों के मुताबिक, इन टुकड़ों को ब्रिटिश एयरवेज के जरिए अमेरिका भेजा गया और शिपमेंट को ‘आर्टवर्क’ के रूप में क्लासिफाई किया गया था। इनमें एक टुकड़ा काबा के अंदरूनी हिस्से से जुड़ा, दूसरा बाहरी परत का इस्तेमाल किया हुआ और तीसरा अप्रयुक्त बताया गया है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये पवित्र वस्तुएं एपस्टीन को क्यों और किस उद्देश्य से भेजी गईं।
यह जानकारी अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा 30 जनवरी को जारी किए गए व्यापक रिकॉर्ड का हिस्सा है, जिसमें लाखों पन्नों के दस्तावेज और अन्य सामग्री शामिल हैं। मामले को लेकर आधिकारिक स्तर पर अभी कोई नई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




