केरसई स्कूल में छात्रों को बाइबिल बांटने का मामला, शिक्षक को थमाया गया शो-कॉज नोटिस

दीपक वर्मा
जशपुर | फ़रसाबहर / केरसई
12 फरवरी 2026
जशपुर जिले के फ़रसाबहर थाना क्षेत्र से एक संवेदनशील मामला सामने आया है।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केरसई में एक शिक्षक द्वारा छात्र-छात्राओं को बाइबिल बांटने के आरोप के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्यालय प्रबंधन ने संबंधित शिक्षक को शो-कॉज नोटिस जारी किया है।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय में पदस्थ व्याख्याता दीपक तिग्गा पर आरोप है कि 10 फरवरी को वे निर्धारित समय से विलंब से स्कूल पहुंचे और प्राचार्य से मुलाकात किए बिना सीधे कक्षा में चले गए।
कक्षा में उन्होंने छात्र-छात्राओं को बाइबिल की छोटी पुस्तकें वितरित कीं।
मामला सामने आने के बाद विद्यालय प्रबंधन द्वारा छात्रों से पूछताछ की गई, जिसमें कुल 14 नग बाइबिल की पुस्तकें बरामद की गईं।
इसके बाद प्राचार्य ने संबंधित शिक्षक को एक दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही पूरे प्रकरण की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी को भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई की अनुशंसा भी की गई है।
वहीं फ़रसाबहर विकासखंड शिक्षा अधिकारी दुर्गेश देवांगन ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही जांच की गई है।
जांच प्रतिवेदन उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया है, साथ ही डीईओ और कलेक्टर जशपुर को भी अवगत करा दिया गया है।
नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।




