चांपा में SIR अभियान तेज़: मतदाता सूची शुद्धिकरण के लिए घर-घर पहुँच रहे BLO, हर वोटर की हो रही विस्तृत जांच

रिपोर्टर – दीपक यादव
स्थान – जांजगीर-चांपा
दिनांक – 15/11/2025
चांपा नगर में चुनाव आयोग के निर्देश पर SIR—स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन अभियान तेज़ी से जारी है। यह अभियान मतदाता सूची को सही और अद्यतन रखने के लिए चलाया जा रहा है, जिसमें नगरपालिका क्षेत्र के सभी वार्डों में BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन कर रहे हैं।
BLO लोगों को गणना पत्रक उपलब्ध करा रहे हैं। यह गणना पत्रक ECI की वेबसाइट से भी डाउनलोड किया जा सकता है, जिससे नागरिक आसानी से अपनी जानकारी अपडेट कर सकें।
मतदाता की वैधता चार श्रेणियों में की जा रही जांच — तहसीलदार प्रशांत पटेल

तहसीलदार प्रशांत पटेल ने बताया कि मतदाता की वैधता की जाँच चार प्रमुख कैटेगरी में की जा रही है:
पहली श्रेणी – स्वतः वैध मतदाता
जिन नागरिकों के नाम 2025 और 2003 दोनों मतदाता सूचियों में दर्ज हैं।
ऐसे मतदाताओं को बिना किसी अतिरिक्त दस्तावेज के स्वतः वैध माना जाएगा।
दूसरी श्रेणी – 42 वर्ष से कम आयु वाले नागरिक
इन नागरिकों को अपने माता-पिता की जानकारी व अन्य सम्बंधित दस्तावेज देकर वैधता सिद्ध करनी होगी।
यह आयु वर्ग विशेष रूप से नए और युवा मतदाताओं पर केंद्रित है।
तीसरी श्रेणी – 1987 से पहले जन्मे नागरिक
जन्म-साल 1987 से पूर्व वाले लोग अपने जन्म प्रमाण और किसी एक मान्य पहचान दस्तावेज के आधार पर सत्यापन करा सकते हैं।
चौथी श्रेणी – 1987 से 2004 के बीच जन्मे नागरिक
इस श्रेणी में आने वालों को माता-पिता के दस्तावेज के साथ अपने पहचान प्रमाण भी जमा करने होंगे।
अंतिम निर्णय ERO (इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर) द्वारा लिया जाएगा।


दस्तावेजों की कमी बड़ी चुनौती
अभियान के दौरान कई वार्डों में दस्तावेजों की कमी सामने आ रही है, लेकिन BLO नागरिकों को आवश्यक दस्तावेज जुटाने में लगातार मार्गदर्शन दे रहे हैं।
BLO रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने बताया कि लोग अभियान को लेकर जागरूक हैं और अधिकांश नागरिक दस्तावेज प्रक्रिया में सहयोग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 2003 की मतदाता सूची ECI पोर्टल पर उपलब्ध है, जहां नागरिक अपना नाम आसानी से खोज सकते हैं।




