जांजगीर में SIR प्रक्रिया अव्यवस्थित—BLO के न पहुंचने से वोटर परेशान, फॉर्म के लिए भटक रहे नागरिक

जांजगीर-चांपा जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 का काम इन दिनों सुर्खियों में है। मतदाता सूची के नाम जोड़ने, कटाने और संशोधन का काम तो जारी है, लेकिन जमीनी स्तर पर वोटरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई वार्डों के लोग शिकायत कर रहे हैं कि BLO घर-घर नहीं पहुंचे और जरूरी फॉर्म भी उपलब्ध नहीं कराया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट घोषणा की थी कि BLO तीन बार घरों में जाकर संपर्क करेंगे और फॉर्म भरवाने की जिम्मेदारी निभाएंगे। लेकिन अधिकांश वार्डों में न तो BLO पहुंचे और न ही फॉर्म दिया।
इस वजह से नागरिकों को कई-कई बार वार्ड कार्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। बुजुर्ग, दिव्यांगजन और दूरदराज इलाके के लोग सबसे अधिक प्रभावित हैं। मतदाताओं का सवाल है कि बिना फॉर्म के वे समय पर नाम जुड़वाने या संशोधन कैसे करेंगे?
लोगों का कहना है कि कलेक्टर द्वारा यह आश्वासन दिया गया था कि कोई भी योग्य मतदाता सूची से वंचित नहीं रहेगा, लेकिन मौजूदा अव्यवस्थाएं इस दावे पर सवाल खड़ा कर रही हैं।
निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि BLO की निगरानी बढ़ाई जाए, उनकी जवाबदेही तय की जाए और जहां BLO नहीं पहुंच रहे हैं, वहां विशेष शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि लोगों को बार-बार चक्कर न लगाना पड़े।
मतदाताओं ने चेतावनी भी दी है कि यदि SIR प्रक्रिया समय पर और पारदर्शी तरीके से नहीं हुई, तो कई पात्र मतदाता सूची से बाहर रह सकते हैं, जिससे आगामी चुनावों पर असर पड़ सकता है।




