बिलासपुर

सिरगिट्टी पुलिस ने सुलझाई अधजली लाश की गुत्थी—एक माह पुराने हत्या मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, तकनीकी साक्ष्यों से हुई पहचान

सिरगिट्टी, बिलासपुर

थाना सिरगिट्टी पुलिस ने एक महीने पहले मिली अज्ञात अधजली लाश के मामले को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह प्रकरण 06–07 नवंबर 2025 का है, जब होटल ग्रैंड लोटस के पीछे झाड़ियों में एक अज्ञात पुरुष का अधजला शव मिला था। प्रारंभिक तौर पर मर्ग कायम कर पहचान हेतु इश्तहार जारी किए गए और जिले व प्रदेश के सभी थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्टों से मिलान किया गया।

जांच को गति देने के लिए पुलिस ने टावर डंप, तकनीकी विश्लेषण और आसपास के CCTV फुटेज का बारीकी से अध्ययन किया। शव के पास मिले सुरागों और मोबाइल डाटा के आधार पर परिजनों से संपर्क किया गया, जिसके बाद मृतक की पहचान गोपाल पिता मुन्ना कोल, उम्र 26 वर्ष, निवासी सेमिया नेवारी थाना जुगैल, जिला सोनभद्र (उत्तरप्रदेश) के रूप में हुई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन में थाना सिरगिट्टी, सिविल लाइन, सरकंडा, तारबाहर, ACCU और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। पूछताछ, स्थानीय सूचनाओं और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों—
अरुण दास मानिकपुरी (30) निवासी अभिलाषा परिसर तिफरा (स्थायी पता—बड़े भटली, मुंगेली)
धनेश लोधी उर्फ राजू (34) निवासी यातायात नगर, तिफरा

—को चिन्हित कर हिरासत में लिया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। जांच में सामने आया कि मृतक गोपाल सब्जी मंडी रोड तिफरा के पास शराब पी रहा था, उसी दौरान दोनों आरोपी भी वहीं पहुंचे। शराब सेवन के दौरान मृतक और आरोपी धनेश लोधी के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद दोनों आरोपियों ने गोपाल से मारपीट की और पास रखे पत्थर से उसके सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।

वारदात छिपाने के लिए आरोपियों ने मृतक के शव और उसके कपड़ों को आग के हवाले कर पहचान मिटाने का प्रयास किया।

लगातार निगरानी, तकनीकी विश्लेषण और पुलिस टीमों की मेहनत से सिरगिट्टी थाना ने इस अनसुलझे हत्या मामले को सुलझा लिया। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button