बिलासपुर

सिरगिट्टी पुलिस का नशे के सौदागरों पर बड़ा एक्शन, 5.5 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गांजा बेचते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 5 किलो 590 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 66 हजार रुपये बताई जा रही है, जप्त किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों और नशीली दवाओं की बिक्री व परिवहन पर सख्ती से रोक लगाने अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल और नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिरगिट्टी निरीक्षक किशोर केंवट के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर संदिग्धों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी।

दिनांक 14 दिसंबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली कि मरीमाई मंदिर के पास एक युवक काले रंग के पिट्ठू बैग में अवैध गांजा रखकर नशा करने वाले युवकों को बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना की पुष्टि होते ही सिरगिट्टी पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम तरुण सिंह अर्गल उर्फ रितीक, पिता दयाराम सिंह, उम्र 23 वर्ष, निवासी चकबतरा, थाना मोहद, जिला भिण्ड (मध्यप्रदेश) बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से 5.590 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी बाजार कीमत करीब 66 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 709/2025 धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया और उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

सिरगिट्टी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार, मादक पदार्थों की बिक्री और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button