सिरियागढ़ धान खरीदी केंद्र में 20 दिन से ताला… किसान परेशान, अधिकारी दे रहे सिर्फ आश्वासन!

लोकेशन – सक्ती जिला
दिनांक – 06/12/2025
रिपोर्टर – लाला उपाध्याय
छत्तीसगढ़ में जहां धान खरीदी का त्योहार चरम पर है, वहीं सक्ती जिले के डभरा ब्लॉक के सबसे बड़े धान खरीदी केंद्र सिरियागढ़ में आज भी खरीदी शुरू नहीं हुई है। 20 दिन बीत जाने के बाद भी किसानों के धान का एक भी दाना नहीं तौला गया है। किसान रोज़ाना चक्कर काटकर वापस लौटने को मजबूर हैं।
जी हां—पूरे प्रदेश में धान खरीदी जोरों पर है। किसान खुशी-खुशी अपना धान बेचकर समर्थन मूल्य का लाभ ले रहे हैं। लेकिन डभरा ब्लॉक के सिरियागढ़ धान खरीदी केंद्र की तस्वीर बिलकुल उलट है।
यहां अभी तक खरीदी का शुभारंभ ही नहीं हो सका।
जब किसानों ने केंद्र में देरी का कारण पूछा तो जानकारी मिली कि खरीदी प्रभारी ने मेडिकल ले रखा है, जिसके चलते खरीद प्रक्रिया अटकी हुई है।


लगातार परेशान किसान जब अपनी समस्या लेकर जिम्मेदार अधिकारियों के पास पहुंचे, तो उन्हें केवल “सोमवार से खरीदी शुरू हो जाएगी” का मौखिक भरोसा दिया गया।
आपको बता दें, यह सिरियागढ़ केंद्र हर साल 89 से 90 हजार क्विंटल तक धान खरीदता है। ऐसे में 20 दिन की देरी किसानों के लिए बड़ी चिंता का कारण बन चुकी है।
किसानों का सवाल साफ है—
क्या वे समय पर धान बेच पाएंगे?
क्या देरी के कारण उनका धान खराब तो नहीं होगा?
क्या उन्हें इस बार भी पूरा समर्थन मूल्य मिल पाएगा?
किसानों का कहना है कि वे लगातार उच्च अधिकारियों को स्थिति से अवगत करा रहे हैं, मगर अभी तक कागजों में भी खरीद प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई है।
अब देखने वाली बात यह है कि सोमवार से धान खरीदी वास्तव में शुरू होती है या फिर किसानों की परेशानी यूं ही बढ़ती रहती है।




