कुनकुरी में बंद कमरे से मिली बुज़ुर्ग महिला की बदबूदार लाश, बेटे ने 20 दिन तक छिपाई मां की मौत

दीपक वर्मा – जशपुर
लोकेशन – कुनकुरी
जशपुर जिले से इस वक्त की बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है।
कुनकुरी में एक किराए के मकान के बंद कमरे से 65 वर्षीय महिला की सड़ी-गली लाश मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मामला कुनकुरी के रेमते रोड का है, जहां मकान मालिक दिलीप कुमार कुजूर के मकान के फर्स्ट फ्लोर में किराए पर रह रही महिला के कमरे से तेज बदबू आने पर शक गहराया, तब जाकर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा की कार्रवाई की गई और ताला तोड़कर जब कमरे को खोला गया, तो अंदर महिला का शव मिला।
मृतिका की पहचान सबीना खलखो, पति स्वर्गीय मारियानुस खलखो, उम्र 65 वर्ष, निवासी सराईटोली कस्तूरा, थाना दुलदुला के रूप में हुई है।


बताया जा रहा है कि सबीना खलखो अपने 25 वर्षीय बेटे प्रवीण खलखो के साथ दिसंबर 2021 से इस मकान में रह रही थी।
हैरान करने वाली बात यह है कि बेटे ने पुलिस को बताया कि उसकी मां की तबीयत खराब थी और 06 दिसंबर को ही उनकी मौत हो चुकी थी, लेकिन उसने यह बात किसी को नहीं बताई।
कमरे में बंद शव से जब तेज बदबू फैलने लगी, तब जाकर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी।
बताया जा रहा है मृतका का बेटा प्रवीण खलखो अविवाहित है और आदतन शराबी, जिसे पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी है कि यह लापरवाही है या इसके पीछे कोई और वजह।




