दुर्ग में सोशल मीडिया रील बना जानलेवा विवाद, पति से झगड़े के बाद महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद के बाद एक महिला ने आत्महत्या कर ली। घटना छावनी थाना क्षेत्र की है।
पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान अंजली साव (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो भिलाई क्षेत्र की रहने वाली थी। अंजली गृहिणी थी और इंस्टाग्राम पर रील बनाकर सोशल मीडिया पर सक्रिय रहती थी, लेकिन उसका यह शौक पति को पसंद नहीं था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता रहता था।
जानकारी के अनुसार, 30 जनवरी को भी दोनों के बीच इसी मुद्दे को लेकर कहासुनी हुई थी। शाम के समय जब दोनों बच्चे ट्यूशन गए हुए थे, तभी अंजली ने घर में पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बच्चों के लौटने पर जब उन्होंने मां को फंदे से लटका देखा तो चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी।
मृतका के पति पप्पू साव मजदूरी का काम करता है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि दुर्ग जिले में पिछले पांच दिनों के भीतर आत्महत्या की तीन घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे इलाके में चिंता का माहौल है। इससे पहले एक ग्राफिक्स डिजाइनर युवक और एक युवती द्वारा आत्महत्या की घटनाएं भी दर्ज की गई थीं।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




