शराब पीने से रोकने पर बेटे ने मां पर टांगी से किया जानलेवा हमला

रिपोर्टर: दीपक / लोकेशन: जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शराब पीने से मना करने पर बेटे ने अपनी ही मां पर टांगी से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पोड़ी निवासी 34 वर्षीय दयाशंकर कश्यप का अपनी मां के साथ अक्सर शराब पीने को लेकर विवाद होता था। बुधवार 11 मार्च की सुबह भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर गुस्से में आकर दयाशंकर कश्यप ने टांगी से अपनी मां के गले पर प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और काफी खून बहने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही नवागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में अपराध क्रमांक 91/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत मामला कायम कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेडे, सहायक उप निरीक्षक संतोष केरकेट्टा सहित नवागढ़ थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।




