इंडियन आर्मी की कदमताल में गूंजा ‘कृष’ का गाना, 26 जनवरी परेड रिहर्सल का वीडियो वायरल
नई दिल्ली
सोशल मीडिया पर इंडियन आर्मी का एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है, जिसने लोगों का दिल जीत लिया है। 26 जनवरी गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल के दौरान जवान ऋतिक रोशन की सुपरहिट फिल्म ‘कृष’ का गाना ‘दिल ना दिया’ गाते हुए कदमताल करते नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि जवान हथियार थामे हुए, पूरी लय और तालमेल के साथ कदमताल कर रहे हैं। उनकी सामूहिक आवाज और अनुशासन भरा अभ्यास दर्शकों को रोमांचित कर रहा है। खास बात यह है कि जवान यह गाना उसी अंदाज में गा रहे हैं, जैसा झारखंड के जमशेदपुर के पिंटू प्रसाद ने गाया था, जो सोशल मीडिया पर ‘वायरल धूम बॉय’ के नाम से मशहूर हो चुके हैं।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो दिल्ली के कर्तव्य पथ पर चल रही परेड रिहर्सल का है, जहां गणतंत्र दिवस के लिए जोरदार अभ्यास जारी है।
वीडियो सामने आते ही इसे लाखों बार देखा जा चुका है और यूजर्स की मजेदार व सराहना भरी प्रतिक्रियाएं भी लगातार आ रही हैं। लोग जवानों के जोश, तालमेल और सकारात्मक ऊर्जा की तारीफ कर रहे हैं।
ट्रेनिंग के बीच इस तरह का उत्साह और मनोरंजक अंदाज भारतीय सेना के ऊंचे मनोबल, एकजुटता और अनुशासन को दर्शाता है, जो देशवासियों के लिए गर्व का विषय बन गया है।




