एसएसपी रजनेश सिंह का सिविल लाइन थाना पर औचक निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण पर पुलिसकर्मियों को नकद इनाम

रिपोर्टर: जय ठाकुर
बिलासपुर
जिला बिलासपुर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) ने आज दिनांक 18 दिसंबर 2025 को थाना सिविल लाइन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना के प्रत्येक विभाग का बारीकी से अवलोकन कर कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
निरीक्षण के समय एसएसपी श्री सिंह ने थाना परिसर में उपस्थित फरियादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएँ सुनीं और उनके शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण के लिए रात्रि अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि फरियादियों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
एसएसपी द्वारा सीसीटीएनएस कक्ष का निरीक्षण कर ऑपरेटर से सिस्टम में दर्ज प्रकरणों, रिकॉर्ड संधारण एवं अद्यतन की स्थिति की जानकारी ली गई। साथ ही रीडर शाखा में पासपोर्ट सत्यापन एवं चरित्र सत्यापन से संबंधित लंबित आवेदनों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।


विवेचक कक्ष के निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्वयं पुराने लंबित अपराधों की केस डायरी का अवलोकन किया और विवेचकों को विवेचना की गुणवत्ता में सुधार तथा शीघ्र चालान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस दौरान उप निरीक्षक अमृत साहू द्वारा वर्ष 2024 के पूर्व से लंबित 13 प्रकरणों का सफलतापूर्वक निराकरण कर चालान न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने पर उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए उन्हें नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।
इसके अलावा एएसआई मस्तराम कश्यप, एएसआई विष्णु साहू एवं वरिष्ठ आरक्षक वीरेंद्र राजपूत को भी लंबित प्रकरणों के प्रभावी निराकरण में सराहनीय भूमिका निभाने पर कैश रिवॉर्ड देकर सम्मानित किया गया। वहीं मालखाना प्रभारी द्वारा जप्त माल का सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं नियमसम्मत संधारण संतोषजनक पाए जाने पर उन्हें भी नगद पुरस्कार से नवाजा गया।
थाना प्रभारी सिविल लाइन ने एसएसपी को अवगत कराया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। हालिया अवधि में—
आर्म्स एक्ट के तहत 01 प्रकरण
धारा 170 बीएनएस के अंतर्गत 08 प्रकरण
धारा 126 एवं 135(3) बीएनएस के तहत 105 प्रकरण
धारा 128 बीएनएस के अंतर्गत 02 प्रकरण
धारा 129 बीएनएस के अंतर्गत 02 प्रकरण
कुल 32 प्रकरणों में चालान न्यायालय में प्रस्तुत किए गए हैं तथा 12 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है।
इसके अतिरिक्त विगत तीन दिनों में 20 गुंडे-बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई है, जिनमें चाकूबाजी जैसे गंभीर अपराधों में पूर्व में संलिप्त एवं जेल से रिहा होने के बाद पुनः आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय अपराधी भी शामिल हैं।
थाना सिविल लाइन द्वारा की जा रही इस प्रभावी एवं निरंतर कार्रवाई से संतुष्ट होकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह ने थाना प्रभारी सिविल लाइन को भी नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।




