स्टार्टअप्स को अब एक ही प्लेटफ़ॉर्म से मिलेगा बैंक लोन: सरकार ने जन समर्थ पोर्टल पर कॉमन एप्लिकेशन जर्नी लॉन्च की

भारत सरकार ने स्टार्टअप्स के लिए बैंक लोन प्रक्रिया को आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग (DFS) ने जन समर्थ पोर्टल पर ‘स्टार्टअप कॉमन एप्लीकेशन जर्नी’ की शुरुआत की है, जिससे अब सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों से लोन एक ही डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म के जरिए हासिल किए जा सकेंगे।
यह लॉन्च नई दिल्ली में आयोजित सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की समीक्षा बैठक के दौरान हुआ, जहां डीएफएस सचिव एम. नागराजू ने वरिष्ठ अधिकारियों और बैंक प्रमुखों की मौजूदगी में इस सुविधा को औपचारिक रूप से शुरू किया। यह सिस्टम IBA और PSB Alliance द्वारा संयुक्त रूप से विकसित किया गया है।
स्टार्टअप्स के लिए क्या है खास?
एक ही प्लेटफ़ॉर्म से सभी पीएसयू बैंकों में लोन आवेदन
विभिन्न बैंकों के लोन प्रस्तावों की तुलना
पूरे आवेदन की डिजिटल ट्रैकिंग
20 करोड़ रुपये तक के लोन की सुविधा (NCGTC की CGSS गारंटी स्कीम के तहत)
PAN, GST, Udyam, ITR और क्रेडिट ब्यूरो डेटा का एकीकरण — प्रसंस्करण होगा तेज़
महिला उद्यमियों के लिए विशेष ब्याज रियायतें
सरकार का मानना है कि यह पहल भारत के स्टार्टअप इकोसिस्टम के लिए गेम-चेंजर साबित होगी और उद्यमियों के लिए फंडिंग प्रक्रिया न सिर्फ आसान बल्कि अधिक पारदर्शी भी बनेगी। यह कदम विकसित भारत 2047 के विज़न के अनुरूप स्टार्टअप सेक्टर को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।




