रायपुर में जल्द बनेगी अत्याधुनिक स्पेस लैब; बृजमोहन अग्रवाल के पत्र पर केंद्र ने दी स्वीकृति

छत्तीसगढ़ की रजत जयंती के अवसर पर रायपुर में अत्याधुनिक स्पेस लैब स्थापित करने के लिए भेजे गए पूर्व मंत्री एवं रायपुर दक्षिण विधायक बृजमोहन अग्रवाल के प्रस्ताव को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है।
अंतरिक्ष आयोग के अध्यक्ष एवं अंतरिक्ष विभाग के सचिव डॉ. वी. नारायणन ने पत्र के माध्यम से इस पहल को औपचारिक स्वीकृति प्रदान की है।
यह स्पेस लैब छत्तीसगढ़ के हजारों-लाखों विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, तकनीक और अनुसंधान का प्रत्यक्ष अनुभव कराने वाली एक ऐतिहासिक सुविधा होगी। इससे प्रदेश के युवाओं में नवाचार, वैज्ञानिक सोच और तकनीकी दक्षता को नया आयाम मिलेगा।


बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह मंजूरी माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व और “विकसित भारत 2047” के विज़न की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में स्पेस लैब की स्थापना भाजपा की डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है, और इसका लाभ प्रदेशवासियों को बहुत जल्द मिलने वाला है।
अग्रवाल ने आज लोकसभा में नियम 377 के तहत प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि देशभर में ऐसे स्पेस इंफ्रास्ट्रक्चर स्थापित किए जाएं, ताकि भारत के हर बच्चे को अंतरिक्ष विज्ञान और नवाचार से जुड़े समान अवसर उपलब्ध हो सकें।
रायपुर में स्पेस लैब की मंजूरी को छत्तीसगढ़ के लिए एक बड़ा वैज्ञानिक और तकनीकी मील का पत्थर माना जा रहा है।




