प्रदेशाध्यक्ष संजय सिंह ठाकुर का जांजगीर-चांपा दौरा, नव निर्वाचित पदाधिकारियों को दी शुभकामनाएं—संगठन को और मजबूत बनाने पर जोर

जांजगीर-चांपा
छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के प्रदेशाध्यक्ष संजय सिंह ठाकुर ने जांजगीर-चांपा जिले का अल्प प्रवास किया। इस दौरान उन्होंने हाल ही में चुने गए जिला इकाई के नव निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। प्रदेशाध्यक्ष के स्वागत में जिला इकाई के पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ और मालार्चन कर गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
बिलासपुर प्रवास के दौरान प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर स्वयं प्रबल इच्छा व्यक्त करते हुए प्रांतीय मंत्री के निजी निवास पहुंचे, जहाँ उन्होंने जिला अध्यक्ष डॉ. रविन्द्र द्विवेदी और जिला सचिव लक्ष्मीनारायण तिवारी से सौहार्दपूर्ण मुलाकात की। उन्होंने दोनों पदाधिकारियों के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि नई टीम के नेतृत्व में जांजगीर-चांपा जिले का संगठन और अधिक सक्रिय, मजबूत और प्रभावी ढंग से कार्य करेगा।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्यपाल द्वारा अलंकृत वरिष्ठ शिक्षक एवं संगठन के वरिष्ठ सदस्य, पूर्व जिला उपाध्यक्ष राजेन्द्र जायसवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रदेशाध्यक्ष का स्वागत करते हुए संगठन की एकजुटता पर बल दिया।
प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर ने कहा कि शिक्षक संघ का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों की समस्याओं का समाधान, संगठन का विस्तार और आपसी समन्वय को मजबूत बनाना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रांतीय स्तर से संगठन जांजगीर-चांपा जिला इकाई को हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।
उक्त जानकारी प्रांतीय मंत्री भुवनेश्वर देवांगन द्वारा साझा की गई।




