जांजगीर स्वास्थ्य विभाग में शासकीय वाहन के दुरुपयोग का आरोप, चालक संघ के प्रदेश सचिव HN सोनी ने CMO से की शिकायत

रिपोर्टर – जय ठाकुर /लोकेशन-जांजगीर चांपा
जांजगीर-चांपा जिले में स्वास्थ्य विभाग में शासकीय वाहनों के दुरुपयोग को लेकर बड़ा आरोप सामने आया है। शासकीय वाहन चालक संघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश सचिव एच.एन. सोनी ने मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी (CMO) को शिकायत सौंपते हुए विभाग के बाबुओं पर शासकीय वाहनों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है और मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।



एच.एन. सोनी ने बताया कि 24 फरवरी 2026 को नांदघाट के पास स्वास्थ्य विभाग की एक गाड़ी रायपुर जाते समय भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई थी, जिसमें दो स्वास्थ्यकर्मियों की मौत हो गई थी। हादसे में वाहन चालक सत्येंद्र उपाध्याय की भी जान चली गई। उन्होंने कहा कि सत्येंद्र उपाध्याय के स्वास्थ्य को लेकर 24 अक्टूबर 2025 को ही CMO को अवगत कराया गया था कि वह हार्ट के मरीज हैं और उनसे वाहन न चलवाया जाए, लेकिन 28 अक्टूबर 2025 को उन्हें वाहन चलाने का आदेश दे दिया गया। इसके बाद 29 अक्टूबर को मेडिकल फिटनेस के लिए पत्र भी जारी किया गया।
संघ का कहना है कि इसके बाद भी लगातार अधिकारियों को जानकारी दी जाती रही कि चालक हार्ट पेशेंट है, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया। आरोप है कि 24 फरवरी को शासकीय वाहन क्रमांक CG 02 AU 2665 बिना आदेश के रायपुर ले जाया जा रहा था और नांदघाट के पहले टेमरी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें चालक सत्येंद्र उपाध्याय समेत दो लोगों की मौत हो गई।
एच.एन. सोनी ने कहा कि माननीय न्यायालय के आदेश के अनुसार हार्ट पेशेंट कर्मचारियों को शहर के पास क्वार्टर देने का प्रावधान है, लेकिन यहां भी लापरवाही बरती गई। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग के बाबू रात में भी शासकीय गाड़ियों का उपयोग करते हैं और कई बार स्वयं ही वाहन चलाते रहते हैं, जिससे पूरे विभाग में बाबू राज जैसी स्थिति बन गई है।
उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि अगर इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई और बाबुओं द्वारा गाड़ियों के दुरुपयोग पर रोक नहीं लगी तो वाहन चालक संघ गाड़ियां चलाना बंद कर देगा और सभी शासकीय वाहन खड़े कर दिए जाएंगे।




