
लोकेशन – सरगुजा /रिपोर्टर-श्याम चौहान
सरगुजा जिले के सीतापुर से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष और भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर जमकर भड़कते नजर आए। मामला हाल ही में आयोजित कृषक उन्नति योजना कार्यक्रम से जुड़ा है, जहां किसानों की वास्तविक भागीदारी को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

दरअसल, सीतापुर में आयोजित कृषक उन्नति योजना के कार्यक्रम के दौरान भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि शासन की योजनाएं किसानों के लिए बनाई जाती हैं, लेकिन ज़मीनी हकीकत यह है कि ऐसे कार्यक्रमों में किसानों की जगह अधिकारी और कर्मचारी ही अधिक नजर आते हैं।
वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि अनिल अग्रवाल किसानों की कम संख्या को लेकर अधिकारियों से सवाल-जवाब करते हुए नाराज़गी जाहिर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों द्वारा केवल “मैसेज भेज दिया गया” कहकर अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि योजनाओं का वास्तविक लाभ ग्रामीण किसानों तक पहुंचना चाहिए।
अनिल अग्रवाल ने दो टूक कहा कि यदि किसानों को समय पर और सही तरीके से सूचना दी जाती, तो कार्यक्रम में उनकी भागीदारी कहीं अधिक होती। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे प्रशासनिक कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
फिलहाल इस मामले पर संबंधित अधिकारियों की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।




