सूरजपुर

अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव, जेसीबी व सरकारी वाहनों में तोड़फोड़; गांव में तनाव

लोकेशन: सूरजपुर
रिपोर्टर: सुरेन्द्र साहू

सूरजपुर जिले के लटोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सुंदरगंज के बथान पारा में अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर उस समय हमला हो गया, जब कार्रवाई के दौरान उग्र ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया।
कार्रवाई के बीच ग्रामीणों की भीड़ ने जेसीबी मशीन और प्रशासनिक अधिकारियों के वाहनों को निशाना बनाते हुए जमकर पथराव किया, जिससे कई सरकारी वाहनों के शीशे टूट गए और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रशासन की टीम पुलिस बल के साथ अवैध कब्जा हटाने मौके पर पहुंची थी। जैसे ही बुलडोजर से कार्रवाई शुरू हुई, अतिक्रमण किए हुए ग्रामीण एकजुट होकर विरोध में उतर आए। देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई और भीड़ ने प्रशासनिक टीम पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इसी दौरान अतिक्रमण हटाने का समर्थन कर रहे कुछ ग्रामीणों और अतिक्रमणकारियों के बीच आपसी विवाद भी बढ़ गया। दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने की सूचना है, जिससे पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल को अलर्ट किया गया है, जबकि मौके पर मौजूद राजस्व विभाग की टीम हालात संभालने में जुटी हुई है।
प्रशासन ने फिलहाल क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील की है। घटना में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। वहीं अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button