प्रतापपुर में प्रशासन की सख्त कार्रवाई — मुख्य मार्ग से हटाए गए अतिक्रमण, चार गुमटियां हुईं ध्वस्त

लोकेशन – सूरजपुर, छत्तीसगढ़
रिपोर्टर – सुरेन्द्र साहू
नगर पंचायत प्रतापपुर में चार दुकानदारों पर चला प्रशासन का बुलडोजर, मुख्य मार्ग से हटाई गई गुमटियां
सूरजपुर जिले के नगर पंचायत प्रतापपुर में प्रशासन ने बुधवार को अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। लंबे समय से मुख्य सड़क पर कब्जा जमाए दुकानदारों के खिलाफ नगर पंचायत ने सख्ती दिखाते हुए चार गुमटियों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।
मामला प्रतापपुर बस स्टैंड से लेकर महर्षि विद्या मंदिर तक के अंबिकापुर–बलरामपुर मुख्य मार्ग का है। इस क्षेत्र में वर्षों से ठेले और अस्थायी दुकानों द्वारा सड़क किनारे अतिक्रमण किया गया था, जिससे यातायात बाधित हो रहा था और दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती थी।

नगर पंचायत प्रशासन ने 3 नवंबर 2025 को सभी गुमटी और ठेला संचालकों को नोटिस जारी करते हुए स्वयं अपनी दुकानें हटाने के निर्देश दिए थे। कई व्यापारियों ने नोटिस के बाद अपनी गुमटियां स्वयं हटा लीं, लेकिन चार दुकानदारों ने चेतावनी के बावजूद जगह खाली नहीं की।
इसके बाद बुधवार को नगर पंचायत की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान प्रशासनिक अमला, पुलिस अधिकारी और नगर पंचायत कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
नगर पंचायत अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और आमजन की सुरक्षा के लिए की गई है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि आगे भी अतिक्रमणकारियों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
बाइट – यूफ्रीसिया एक्का, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ), नगर पंचायत प्रतापपुर
“मुख्य मार्ग पर बार-बार यातायात जाम की स्थिति बन रही थी। कई बार चेतावनी देने के बाद भी कुछ लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया। इसलिए मजबूरन बुलडोजर कार्रवाई करनी पड़ी।”




