जांजगीर-चांपा में प्रशासन की सख्त कार्रवाई—नवापारा और भैंसो में 102 क्विंटल अवैध धान जब्त, कोचियों पर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई

जय ठाकुर — जांजगीर-चांपा
जिले में अवैध धान परिवहन और भंडारण पर जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर कोचियों और बिचौलियों के खिलाफ मंडी अधिनियम के तहत विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में अवैध धान पकड़ने में सफलता हासिल की है।
प्रशासन की टीम ने तहसील जांजगीर के ग्राम नवापारा में कार्रवाई करते हुए कृष्णाकन्हाई से 220 कट्टी (88 क्विंटल) अवैध रूप से संग्रहित धान जब्त किया। मौके पर ही धान की माप–तौल कर पंचनामा तैयार किया गया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।

इसी क्रम में तहसील पामगढ़ के ग्राम भैंसो में भी दबिश दी गई, जहां रूपराम साहू से 35 कट्टी (14 क्विंटल) अवैध धान बरामद किया गया। दोनों मामलों में प्रशासन ने मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों की रक्षा, पारदर्शी खरीदी व्यवस्था बनाए रखने और धान की अनियमित खरीद-बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए यह सख्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि जिले में कोई भी व्यक्ति अवैध रूप से धान का परिवहन या भंडारण करते पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।




